
उदित वाणी, गुवा : राष्ट्रीय एकता दिवस के शुभ अवसर पर गुवा सेल प्रबंधन ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई. जनरल ऑफिस के समीप फिटनेश पार्क में स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर महाप्रबंधक पंकज कुमार दास, महाप्रबंधक एस.पी. दास, चंचल घोष सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने सरदार पटेल के जीवन और उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश के बिखरे रियासतों को एकसाथ जोड़कर अखंड भारत बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. उन्होंने जोर देकर कहा कि सरदार पटेल संप्रदायिक नहीं बल्कि सच्चे राष्ट्रवादी थे. उनकी सांगठनिक क्षमता के कारण आज भारत की एकता और अखंडता कायम है.
उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली तथा देश की एकता, अखंडता और समरसता बनाए रखने का संकल्प दोहराया.

