
उदित वाणी, गुवा : गुवा से बड़ाजामदा जाने वाले मार्ग पर लालजी हार्टिंग के समीप शनिवार शाम करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार मोटरसाइकिल संख्या जेएच 06 एच 1368 पर तीन लोग सवार होकर गुवा बाजार से अपने घर हिरजीहाटिंग लौट रहे थे. उसी दौरान बड़ाजामदा से गुवा की ओर आ रही स्कूटी से लालजी हार्टिंग के पास सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहन तेज गति से आ रहे थे.
घटना की सूचना मिलते ही गुवा सेल अस्पताल से एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल भट्टीसाई निवासी 35 वर्षीय संजय मिचियारी तथा हिरजीहाटिंग निवासी 35 वर्षीय बच्चन चातर की हालत नाजुक है. वहीं नुईया गांव निवासी 30 वर्षीय कृष्ण मेलगांडी एवं 45 वर्षीय विशाल को आंशिक चोटें आई हैं. स्थिति गंभीर देखते हुए संजय मिचियारी को राउरकेला अस्पताल तथा बच्चन चातर को नोवामुंडी टिस्को अस्पताल रेफर कर दिया गया.
सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

