
उदित वाणी, चाईबासा : गुवा सेल के माइनिंग विभाग में कार्यरत डोजर ऑपरेटर सेलकर्मी मंगल केसरी को शुक्रवार की रात अचानक सीने में जलन की शिकायत होने पर तत्काल गुवा सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल रेफर कर दिया.
जानकारी के अनुसार मंगल केसरी किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और उन्हें नियमित डायलिसिस की आवश्यकता थी. हालांकि, रेफर के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था न किए जाने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने मदद के लिए झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ मजदूर नेता रामा पांडे से संपर्क किया.

सूचना मिलते ही रामा पांडे स्वयं अस्पताल पहुंचे और मरीज के लिए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराने को लेकर सेल के कार्यकारी निदेशक कमल भास्कर से बातचीत की. लगभग साढ़े तीन घंटे की लगातार पहल और प्रयासों के बाद अस्पताल प्रशासन ने रात करीब 12 बजे एंबुलेंस उपलब्ध कराई, जिसके बाद मरीज को जमशेदपुर भेजा गया.
सेल परिसर के मजदूरों और स्थानीय लोगों ने मजदूर नेता रामा पांडे के त्वरित हस्तक्षेप की सराहना की. सभी ने कहा कि उनकी तत्परता और प्रयास से एक गंभीर मरीज को समय पर जीवनरक्षक सहायता मिल सकी.

