
उदित वाणी, गुवा : राजाबुरु खदान खोलने और 75 प्रतिशत स्थानीय बेरोजगार युवक‑युवतियों को रोजगार देने की मांग को लेकर शुक्रवार को गुवा में विशाल प्रदर्शन हुआ. मानकी मुंडा रैयत संघ के बैनर तले तथा काशिया पेचा गांव के मुंडा मंगता सुरीन की अध्यक्षता में 11 गांवों के मुंडा, मानकी, डाकुआ और ग्रामीणों ने लगभग 500 लोगों की भीड़ के साथ सुबह 11 बजे गुवा बाजार के शहीद स्थल से रैली निकाली.
रैली गुवा बाजार से होते हुए गुवा सेल जनरल ऑफिस पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने थाली, कटोरा और गिलास बजाकर जोरदार नारेबाजी की. आंदोलन को झारखंड मजदूर यूनियन, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, सीटू तथा झारखंड युवा बेरोजगार संघ ने समर्थन दिया. प्रदर्शन के दौरान स्थानीय अधिकारों, रोजगार और पर्यावरण को लेकर लगातार नारेबाजी होती रही.

करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद 11 गांवों के प्रतिनिधियों ने गुवा सेल प्रबंधन को संयुक्त मांग‑पत्र सौंपा. मांगों में राजाबुरु खदान से प्रभावित 500 स्थानीय बेरोजगार युवक‑युवतियों को नौकरी दिलाने, 75% स्थानीय नियोजन का प्रावधान लागू करने, रिक्त पदों पर त्वरित बहाली, पूर्व की बहाली प्रक्रिया पुनः शुरू करने, 40% महिलाओं को रोजगार देने, कारो नदी को खनन‑प्रदूषण से बचाने, हैंड माइनिंग लागू करने तथा सीएसआर एवं डीएमएफटी फंड का ग्राम सभा के माध्यम से पारदर्शी उपयोग करने की मांग शामिल है.
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं होती है तो सेल जनरल ऑफिस के समक्ष भूख हड़ताल का आंदोलन तेज किया जाएगा. इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर खदान का चक्का जाम कर शीर्ष अधिकारियों, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा सके.

