
उदित वाणी, चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के 134वें जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2016 बैच के अधिकारी चंदन कुमार ने आज पदभार ग्रहण किया. उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त कुलदीप चौधरी से औपचारिक रूप से यह ज़िम्मेदारी संभाली. चंदन कुमार इससे पूर्व रामगढ़ जिले में उपायुक्त पद पर कार्यरत थे और उन्हें प्रशासनिक कुशलता व जनहितकारी दृष्टिकोण के लिए जाना जाता है.
प्राथमिकता में जनता और विकास
पदभार ग्रहण करने के उपरांत उपायुक्त चंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जिले की समस्याओं को समझकर जनहित में समाधान सुनिश्चित करना और निरंतर विकास कार्यों को गति देना होगा. उन्होंने कहा कि वे जनता से जुड़कर, उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप पारदर्शी और प्रभावी प्रशासन देने का प्रयास करेंगे.

समाहरणालय परिसर का किया निरीक्षण
पदभार ग्रहण के पहले ही दिन उपायुक्त चंदन कुमार ने चाईबासा स्थित जिला समाहरणालय परिसर का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने एक-एक कर सभी कार्यालयों का अवलोकन किया और कर्मचारियों की बैठने की व्यवस्था, पंजी संधारण, कार्यालय की स्वच्छता और समग्र रखरखाव की स्थिति का जायज़ा लिया. इस दौरान उन्होंने कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी समय पर उपस्थित रहें और कार्यालय परिसर को स्वच्छ रखने में व्यक्तिगत भूमिका निभाएं.
कर्मियों को दिए स्पष्ट निर्देश
नए उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे ज़िला प्रशासन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें. उन्होंने अनुशासन, स्वच्छता और जवाबदेही को प्रशासन की रीढ़ बताया.

