
उदित वाणी, गुवा : गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे एक दस वर्षीय बच्ची अपने घर से भटककर बड़ाजामदा स्थित सूखचैन मोटर्स पहुंच गई. टाटा अधिकृत सर्विस स्टेशन के कर्मचारियों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने अपना नाम श्रीमती बिरुआ बताया, जिसकी उम्र लगभग 10 वर्ष है और वह गांव अदाकारी, थाना व डाकघर मझगांव, जिला पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड की निवासी है.
बच्ची ने बताया कि उसकी मां का कुछ समय पूर्व निधन हो गया था और पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर कार्यरत हैं. इस कारण वह पिछले एक वर्ष से अपनी मासी मणि गोप के साथ बलजोड़ी गांव, थाना बड़ाजामदा, जिला पश्चिमी सिंहभूम में रह रही है.

सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलते ही मासी मणि गोप को पता चला कि श्रीमती बिरुआ सूखचैन मोटर्स में है. संस्थान प्रबंधन द्वारा तुरंत बड़ाजामदा प्रशासन को सूचना दी गई. बाद में प्रशासन और सूखचैन मोटर्स के सहयोग से बच्ची को सकुशल उसकी मासी मणि गोप को सौंप दिया गया.
पूरे प्रकरण में सूखचैन मोटर्स के कर्मचारियों की मानवीय संवेदनशीलता और पुलिस प्रशासन की तत्परता की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है.

