
उदित वाणी, गुवा : कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर गुरुवार को अक्षय नवमी के अवसर पर गुवा स्थित योग मंदिर परिसर में आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई. समारोह की अध्यक्षता सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने की, जबकि पूजा अनुष्ठान का संचालन पुजारी नागेंद्र पाठक ने किया.
पूजा में गुवा क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु व भजन-रसिकों ने भाग लिया और आंवले के वृक्ष की पूजा कर अक्षय सौभाग्य की कामना की. पूजा उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का भोग ग्रहण किया.

मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक महत्व है. इस दिन आंवला वृक्ष की पूजा से अक्षय फल और सौभाग्य की प्राप्ति होती है. पुजारी नागेंद्र पाठक ने सभी श्रद्धालुओं के कल्याण और अक्षय सौभाग्य की प्रार्थना की.
इस अवसर पर सेल के महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने पर्यावरण शुद्धि और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की. कार्यक्रम में डॉ. विप्लव कुमार दास, डॉ. टी.सी. आनंद, कविता देवांगन, डी. देवांगन, नित्यानंद प्रसाद, राजु चौबे, मनमोहन चौबे, राकेश झा, डॉ. अशोक कुमार अमन, बेबी पाठक, अरुण वर्मा, पिंकी गुप्ता समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे. पूरे आयोजन का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता से परिपूर्ण रहा.

