
उदित वाणी, चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आगामी ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र और चैती छठ 2026 को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक अमित रेनू भी मौजूद रहे.
शांति समिति की बैठक और समन्वय पर जोर
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करें. साथ ही लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी अखाड़ों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर त्योहारों के दौरान होने वाले कार्यक्रमों और जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें.
संवेदनशील स्थलों की पहचान और पूर्व तैयारी के निर्देश
प्रशासन को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां संभावित विवादों का पहले ही समाधान कर लिया जाए. ईद के दौरान मस्जिद और ईदगाह में नमाज के समय, सरहुल के मेले-जुलूस और रामनवमी के कार्यक्रमों की जानकारी पहले से एकत्र करने को कहा गया.
______________
जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था
वरीय अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सरहुल और रामनवमी के जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन किया जाए और मार्ग में पड़े निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए. बिजली विभाग को जुलूस के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद रखने, लो-हैंगिंग तारों की जांच करने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया.
ड्रोन से निगरानी और वॉलिंटियर्स की तैनाती
जुलूस के दौरान निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा, विशेषकर ऊंची इमारतों की छतों पर नजर रखी जाएगी. अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने वॉलिंटियर्स को फोटोयुक्त आईडी कार्ड के साथ तैनात करें और उनकी पूरी जानकारी संबंधित थाना को उपलब्ध कराएं.
सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी के निर्देश
प्रशासन ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. किसी भी भड़काऊ या सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता
त्योहारों के दौरान चिकित्सकों और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए.
______________
बैठक में कई अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, सभी एसडीओ और एसडीपीओ, सहायक समाहर्ता, नगर परिषद के पदाधिकारी, बिजली और पेयजल विभाग के अभियंता, बीडीओ, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
(West Singhbhum festival security meeting 2026, Chaibasa administration meeting news, Ram Navami security Jharkhand, Eid ul Fitr arrangements India district administration, Sarhul festival Jharkhand security, Chaiti Chhath preparation news, law and order meeting Jharkhand, district administration guidelines festivals India)

