
उदित वाणी, रांची : भाकपा विधायक अरूप चटर्जी ने राज्य में संचालित अल्पसंख्यक विद्यालयों के बच्चों को भी साइकिल, पोशाक, स्कूल किट, कॉपी, छात्रवृत्ति इत्यादि का लाभ देने का मुद्दा उठाया. जिसपर प्रभारी मंत्री सुदिव्य कुमार ने सरकार की ओर से उत्तर देते हुए इसपर विचार करने का आश्वासन दिया. सुदिव्य कुमार ने कहा कि यद्यपि संबंधित विद्यालयों को अभी तक सरकारी स्कूल का दर्जा प्राप्त नहीं है. इसलिए उन्हें सीधे तौर पर इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक स्कूलों के बच्चों को पुस्तकें दी जाती है. उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार इस दिशा में प्रयास करेगी. वहीं विधायक देवेंद्र कुंवर ने बर्ष 2012 और बर्ष 2023 में टेट पास शिक्षकों के ग्रेड पे में असमानता का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि बर्ष 2012 में टेट पास शिक्षकों को 4200 से 4800 रुपये तक ग्रेड पे दिया गया. जबकि बर्ष 2023 में टेट पास शिक्षकों को 2400 से 2800 रुपये तक ही ग्रेड पे दिया गया है.
इस पर मंत्री सुदिव्य ने कहा कि फिलहाल समान ग्रेड पे देने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है. सदन में सिल्ली के विधायक अमित महतो ने हिंडाल्को के ऐश पोंड धंसने की घटना का मामला उठाते हुए कहा कि इस दुर्घटना में 25 से 30 लोगों की मुत्यु हुई थी. उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक बिशेष समिति का गठन किया जाय, ताकि सच्चाई सामने आ सके. इस पर जबाब देते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि यह घटना 19 अप्रैल 2019 को हुई थी.
उस समय मामले में करायी गई जांच में पाया गया था कि हादसे में किसी भी कामगार की मौत नहीं हुई थी. उन्होंने कहा कि 25 से 30 लोगों की मृत्यु की बात का कहीं भी कोई आधिकारिक प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं है और नही किसी मीडिया में इसकी खबरें छपी है. साथ ही मंत्री ने यह भी कहा कि पूरे मामले की एक दूसरी टीम से भी जांच कराई जाएगी. इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट किया कि रेड मड के सैंपल के ट्रांसपोर्टेशन के लिए पर्यावरण स्वीकृति की जरूरत नहीं होती. जबकि व्यावसायिक ट्रांसपोर्टेशन के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति अनिवार्य है.

