
उदित वाणी, रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मोरहाबादी में आयोजित ‘टुसू महोत्सव’ को संबोधित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि टुसू केवल उत्सव नहीं, बल्कि लोक-परंपराओं, सामूहिक श्रम-संस्कृति व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है. यह कृषि समाज के उल्लास व सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करता है.
राज्यपाल ने जोर दिया कि टुसू झारखंड की लोक-चेतना का प्रतिनिधित्व करता है. यह परंपराओं को वर्तमान जीवन-दृष्टि बनाता है, नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ता है तथा सामाजिक समरसता बढ़ाता है. प्रधानमंत्री के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ संदेश का हवाला देते हुए कहा कि देश की शक्ति सांस्कृतिक विविधता में है.
उन्होंने राज्य भ्रमण का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड के लोग परिश्रमी व संस्कृति से जुड़े हैं. महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से सशक्त हो रही हैं तथा बच्चों की शिक्षा पर सजग हैं. केंद्र-राज्य योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.

