
उदित वाणी, घाटशिला: सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव “इग्नाइट 2025” का समापन समारोह अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित एवं उत्सवपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ. इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. समापन समारोह को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसने पूरे विश्वविद्यालय परिसर को उल्लास, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया. खिलाड़ियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाया.
समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ० गुलाब सिंह आज़ाद ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं. खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, धैर्य और आत्मसंयम जैसे जीवनोपयोगी गुणों का भी विकास करते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
कुलपति डॉ० ब्रज मोहन पत पिंगुआ ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल गतिविधियों में सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है. खेल विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं, तनाव को कम करते हैं तथा आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को मजबूत करते हैं. उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया.
समारोह के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में संघर्ष, अनुशासन और लक्ष्य प्राप्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं. उन्होंने विश्वविद्यालय में 22 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले रक्तदान कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रक्तदान के सामाजिक और मानवीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने इसे महादान बताते हुए सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों से इस पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदारी की अपील की.
कार्यक्रम के समापन सत्र में स्पोर्ट्स इंचार्ज अनिल जॉन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि “इग्नाइट 2025” की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने कुलाधिपति, कुलपति, कुलसचिव, सभी शिक्षकों, विभागाध्यक्षों, संकायाध्यक्षों, कर्मचारियों, मेडिकल टीम, सुरक्षा कर्मियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया. साथ ही प्रतिभागियों को भविष्य में और अधिक मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
चार दिवसीय खेल महोत्सव को सफल बनाने में स्पोर्ट्स कमिटी के सदस्यों डॉ० शिवचन्द झा, डॉ० मनोरंजन वर, डॉ० देबब्रत रॉय, पत्तरी माली, प्रिंसी कुमारी, किशोर कुमार महाकुर, सोनल कुमारी, शेख आदिल नजीर एवं विनय प्रकाश चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इनके कुशल मार्गदर्शन, समन्वय और नेतृत्व के परिणामस्वरूप “इग्नाइट 2025” केवल एक खेल आयोजन न रहकर विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी महोत्सव बनकर उभरा.

