
उदित वाणी, दुमका : सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कॉलेज में सेमेस्टर-4 के परीक्षा परिणाम में भारी गड़बड़ी सामने आने के बाद छात्र संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशासनिक भवन का जोरदार घेराव कर दिया.
एबीवीपी ने आरोप लगाया कि परिणाम में बड़े पैमाने पर त्रुटियां हैं, जिससे सैकड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है. कई छात्रों के अंक गलत दर्ज किए गए हैं, जबकि कुछ को बिना कारण फेल कर दिया गया. प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार, मनमानी, छात्र समस्याओं की अनदेखी और पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दों को भी उजागर किया.
छात्र नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रहा. मजबूरन छात्र सड़क पर उतरे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा परिणाम सुधारने और भ्रष्टाचार रोकने के लिए तत्काल कदम न उठाए गए तो आंदोलन तेज होगा. फिलहाल पुलिस मौके पर तैनात है और प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है.

