
उदित वाणी, रांची : झारखंड आंदोलन के पुरोधा व समाज सुधारक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पावन स्मृति में गुरूवार को राज्य के सभी 35 हजार सरकारी विद्यालयों में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. राज्य सरकार की शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार यह आयोजन किया गया. विभाग द्वारा श्रध्दांजलि सभा के माध्यम से विद्यार्थियों को दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के संघर्षशील जीवन और समाजहित में किये गए अतुलनीय योगदान से अवगत कराया गया.

बताया गया कि श्रद्धांजलि सभा में सभी विद्यालयों के 1 लाख से अधिक शिक्षकों व 32 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के अलावा दो लाख से अधिक आमलोगों, एसएमसी सदस्य व अभिभावक शामिल हुए और विद्यालयों में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा स्वर्गीय दिशोम गुरु के जीवन पर चर्चा की गई.

इस अवसर पर उनके सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों की रक्षा, भूमि सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को बिशेष रूप से रेखांकित किया गया. वहीं विद्यालयों में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के दिखाए मार्ग पर चलते हुए जीवन में सत्य, न्याय और समाज सेवा के मूल्यों को आत्मसात करने और एक जागरूक व उत्तरदायी नागरिक के रूप में राष्ट्र और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया.

