
उदित वाणी सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला में मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जहां नवनिर्वाचित अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और जनप्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के उपरांत उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई। इस पद के लिए दो प्रत्याशियों— उत्तम कुमार माहांथी और अविनाश कवि—ने नामांकन दाखिल किया। हालांकि निर्धारित समयावधि के भीतर उत्तम कुमार माहांथी ने अपना नाम वापस ले लिया।
इसके बाद अविनाश कवि उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए नगर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

