
उदित वाणी सरायकेला : सरायकेला-खरसावाँ के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि महिला सशक्तिकरण और उनके लिए आय के साधन विकसित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला आजीविका समन्वय समिति (DLCC) की बैठक में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों (SHG) और क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की.
बैंकों को चेतावनी: लाभुकों को न करें परेशान
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बैंकों में लंबित आवेदनों पर कड़ी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (LDM) को निर्देशित किया कि सभी शाखा प्रबंधक संवेदनशीलता के साथ कार्य करें. उपायुक्त ने दोटूक कहा, “किसी भी स्थिति में लाभुकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए. स्वरोजगार से जुड़े आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें.”
मुद्रा ऋण और बीमा योजनाओं पर फोकस
उपायुक्त ने JSLPS के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाओं को मुद्रा ऋण योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PM-SBY) का लाभ दिलाएं. उन्होंने प्रखंड स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया.
इन प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा:
• भूमि चिन्हीकरण: आजीविका संवर्धन गतिविधियों के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश.
• नॉन-फार्मिंग गतिविधियां: खेती के अलावा अन्य स्वरोजगार (Non-farming) और कैश क्रेडिट लिंकेज (CC Linkage) की प्रखंडवार समीक्षा.
• बाजार उपलब्धता: तैयार उत्पादों के लिए उचित बाजार उपलब्ध कराने हेतु JSLPS को अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाने को कहा गया.
बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) सुश्री रीना हांसदा, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी और JSLPS के डीपीएम सहित सभी बीपीएम उपस्थित थे.

