
उदित वाणी, रांची : हेमंत सरकार के नगर विकास व आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर रांची व जमशेदपुर समेत राज्य के प्रमुख शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने और इलेक्ट्रिक बसों के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी है. उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि झारखंड में तीव्र गति से शहरीकरण हो रहा है. परंतु राज्य में शहरी बुनियादी ढांचों, किफायती आवास और संगठित सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं में भारी कमी है. इसके अलावा राज्य में शहरी स्थानीय निकायों का क्षमता संवर्धन किया जाना भी अत्यंत आवश्यक है. ताकि भारत सरकार की विभिन्न प्रमुख योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन किया जा सके.
वहीं मंत्री सोनू ने नमामि गंगे योजना के तहत गंगा एवं उसके सहायक नदियों को प्रदूषण मुक्त करने व दामोदर को स्वच्छ रखने के लिए किनारे बसे तीन शहरों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए भी मदद की मांग की है. उन्होंने स्वर्णरेखा नदी के किनारे बसे रांची और जमशेदपुर में भी नमामि गंगे योजना का लाभ देने की मांग की है. इसके साथ ही देवघर, गिरिडीह, दुमका और पलामू जैसे शहरों को भी नमामि गंगे परियोजना के तहत जोड़ने की अपील की है. उन्होंने समेकित रूप से रांची, जमशेदपुर, बोकारो, देवघर, गिरिडीह, दुमका एवं पलामू को नमामि गंगे योजना के तहत एसटीपी के लिए स्वीकृति देने का आग्रह किया है.
