
उदित वाणी, सरायकेला: बुधवार की सुबह कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेन इंटरनेशनल स्कूल के समीप दो टेलरों के बीच हुई जोरदार टक्कर ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। आमने-सामने हुई भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि एक चालक केबिन में ही फंस गया। मिली जानकारी के अनुसार, सरायकेला से कांड्रा की ओर आ रहा एक ट्रेलर आयरन ओर से लदा हुआ था, जबकि दूसरा ट्रेलर खाली था। तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे एक ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया।
स्थानीयों की मदद से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कांड्रा पुलिस मौके पर पहुंचकर हाइड्रा मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और फंसे चालक को केबिन से बाहर निकाला। उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
कई घंटे रहा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
टक्कर के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैफिक को व्यवस्थित करने का प्रयास किया और मार्ग को जल्दी खाली कराने में जुट गई।

