
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत की उपस्थिति में बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विभिन्न सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि सड़कों को यातायात के लिए सुचारू और सुरक्षित रखा जा सके।
राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों की प्रगति की समीक्षा
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-32, राष्ट्रीय राजमार्ग-33, राष्ट्रीय राजमार्ग-18, राष्ट्रीय राजमार्ग-220, JARDCL तथा पथ निर्माण विभाग (RCD) के अंतर्गत संचालित विभिन्न सड़कों और पुलिया निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए समय सीमा के भीतर इन्हें पूरा किया जाए।
निर्माणाधीन सड़कों पर पानी का छिड़काव और गश्ती बढ़ाने का निर्देश
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि निर्माणाधीन सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल और अन्य समस्याओं को कम किया जा सके। साथ ही निर्माणाधीन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्ती दल द्वारा नियमित भ्रमण सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
सरायकेला-चौका सड़क मरम्मत कार्य की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान JARDCL द्वारा संचालित सरायकेला-चौका सड़क मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने JARDCL के पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने तथा सभी मरम्मत और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

