
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की. दरबार में जिले भर से आए नागरिकों ने अपनी निजी और सामुदायिक समस्याएं रखीं. उपायुक्त ने अधिकतर मामलों की सुनवाई स्वयं की और कई मामलों में मौके पर ही निर्देश देकर समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी.
इन समस्याओं ने खींचा ध्यान
जनता दरबार में जिन समस्याओं पर ज्यादा चर्चा रही, उनमें शामिल थीं –
रैयती जमीन का ऑनलाइन अद्यतन
दखल-दिहानी विवाद
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) का लाभ मार्च से नहीं मिलना
डेढ़ वर्ष से वृद्धा पेंशन योजना का लंबित रहना
निजी विद्यालय में फीस माफी की मांग
चांडिल प्रखंड के मसूरीबेडा गाँव तक सड़क निर्माण में ग्रामीण द्वारा अतिक्रमण
खूंटी लैंप्स कर्मी निपेश महतो द्वारा परिसर पर अवैध कब्जा
प्राथमिक मध्य विद्यालय वामडीह में 20 वर्षों से कार्यरत रसोईया को जबरन हटाने की शिकायत
सभी मामलों पर कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदन संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए त्वरित और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि हर शिकायत की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
जनता दरबार से बढ़ रही है उम्मीद
हर सप्ताह आयोजित हो रहे इस दरबार में आमजन की भागीदारी लगातार बढ़ रही है. समस्याओं की सीधी सुनवाई और त्वरित समाधान की प्रक्रिया प्रशासन पर जनविश्वास को मजबूत कर रही है.

