
उदित वाणी, सरायकेला: सरायकेला सदर अस्पताल में इलाज के नाम पर मरीज से पैसे मांगने का गंभीर आरोप सामने आया है. गुरुवार को सूचना मिलने पर सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए संबंधित चिकित्सक को फटकार लगाई. उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक से मिलकर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
मरीज से इलाज के लिए पैसे मांगने का आरोप
जानकारी के अनुसार खरसावां प्रखंड के रामपुर निवासी अरुण महतो अपने मैजिक वाहन में काम करने के दौरान आंख में चोट लगने से घायल हो गए थे. परिजन उन्हें उपचार के लिए सरायकेला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां नेत्र चिकित्सक डॉ पी एम बाड़ा ने जांच के बाद कहा कि इसका इलाज सरायकेला में संभव नहीं है. आरोप है कि चिकित्सक ने यह भी कहा कि यदि मरीज 15 हजार रुपये देता है तो उसका उपचार किया जाएगा.
शिकायत पर अस्पताल पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष
मरीज के परिजनों ने इसकी सूचना नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी को दी. सूचना मिलते ही वह सदर अस्पताल पहुंचे और मरीज व उसके परिजनों से पूरी जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने चिकित्सक से भी इस संबंध में पूछताछ की और नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई.
कार्रवाई की मांग
मनोज चौधरी ने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ नकुल प्रसाद चौधरी से मिलकर नेत्र चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने बताया कि नागेश्वर महतो ने उन्हें दूरभाष पर सूचना दी थी कि उनके एक स्वजन की आंख में चोट लगी है और डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांग रहे हैं. जब उन्होंने चिकित्सक से बात कराने को कहा तो चिकित्सक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया.
इस दौरान झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेंब्रम, वार्ड पार्षद अविनाश कवि, गौतम नायक सहित अन्य लोग भी मौजूद थे.

