
उदित वाणी, सरायकेला : नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करने के उद्देश्य से एन.आर. उच्च विद्यालय, सरायकेला में पीठासीन एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों का जिला स्तरीय द्वितीय चरण प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ.
प्रशिक्षण में पीठासीन पदाधिकारियों को निर्वाचन निर्देशिका वितरित की गई. मतपेटी में पेपर सील लगाने की हैंड्स-ऑन प्रक्रिया, विभिन्न प्रपत्र भरने की ट्रेनिंग तथा मतदान सामग्री (मतदाता सूची, प्रभेदक चिन्ह, स्टाम्प, अमिट स्याही आदि) का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
पीठासीन पदाधिकारियों को कहा गया कि मतदान शुरू होने से एक घंटे पहले मतपत्रों पर प्रभेदक चिन्ह अंकित कर बंडल तैयार रखें, हस्ताक्षर करें तथा मतदान प्रकोष्ठ की गोपनीयता व सुविधाएं सुनिश्चित करें. मतदान अभिकर्ताओं को मतपेटी-मतदाता सूची दिखाने तथा प्रारंभ-समाप्ति पर घोषणाएं करने के निर्देश दिए.
मतदान केंद्र के 100 मीटर क्षेत्र को प्रतिबंधित घोषित कर लाल झंडी लगाने, मतदान कक्ष में सीमित प्रवेश (केवल अधिकृत व्यक्ति, अभिकर्ता, महिला के शिशु/दिव्यांग सहयोगी) तथा बाहर प्रदर्शित सूचनाओं (क्षेत्र संख्या, केंद्र नाम, अभ्यर्थी सूची) पर जोर दिया गया. पुलिस बाहर तैनात रहेगी, पत्रकारों को अंदर छायांकन की अनुमति नहीं.
मतदान प्रक्रिया में प्रतिपर्ण पर क्रमांक-अंगूठा निशान अनिवार्य कर, किसी कठिनाई पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी या गश्ती दल से संपर्क करने को कहा गया. सभी को सजग रहकर पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

