
उदित वाणी, चांडिल : कपाली नगर परिषद में शुक्रवार को नगर निकाय चुनाव के तहत अध्यक्ष पद एवं 19 वार्ड पार्षदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे क्षेत्र में प्रशासन की मुस्तैदी के बीच 57.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे 11 उम्मीदवारों तथा 19 वार्डों में 98 प्रत्याशियों की किस्मत अब मतपेटियों में बंद हो चुकी है. मतगणना 27 फरवरी को काशी साव कॉलेज परिसर में होगी.
गौरतलब है कि नगर परिषद के कुल 21 वार्डों में से वार्ड संख्या 1 और 8 से प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं. मतदान के दौरान केंद्र संख्या 13 पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच नोकझोंक से कुछ देर के लिए माहौल गर्म हुआ, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति नियंत्रित कर ली. वहीं, कई मतदाताओं ने एक ही परिवार के अलग-अलग मतदान केंद्र होने पर असुविधा की शिकायत भी दर्ज कराई.

