
उदित वाणी, सरायकेला: गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत गंजिया बैराज का रविवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बैराज से संचालित सिंचाई परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि अब तक सिंचाई सुविधा से वंचित ग्रामीण क्षेत्रों को भी डीप एरिगेशन प्रणाली के माध्यम से जोड़ा जाए. इससे अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकेंगे.
पर्यटन स्थल के रूप में संभावनाएं, संशोधित प्रस्ताव की मांग
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गंजिया बैराज क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए इसे संभावित पर्यटन स्थल के रूप में चिह्नित किया. उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, गम्हरिया को निर्देशित किया कि इस दिशा में संशोधित प्रस्ताव तैयार कर जिला मुख्यालय को शीघ्र प्रेषित किया जाए.
किसानों से संवाद: खेती में करें नवाचार
निरीक्षण उपरांत उपायुक्त ने क्षेत्रीय किसानों से संवाद स्थापित किया और उन्हें पारंपरिक खेती के साथ-साथ फल, फूल एवं सब्जियों की वाणिज्यिक खेती की ओर प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि जल संसाधनों के सतत एवं वैज्ञानिक उपयोग से न केवल कृषि उत्पादकता बढ़ेगी, बल्कि कृषकों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी.
उचित बाजार, लाभकारी मूल्य और कोल्ड स्टोरेज की योजना
उपायुक्त ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी उपज को उचित बाजार और लाभकारी मूल्य दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन गंभीर प्रयास कर रहा है. इसके अतिरिक्त, उपज के भंडारण हेतु कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की योजना पर भी कार्य चल रहा है. उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सिंचाई सुविधा के बेहतर उपयोग हेतु किसानों को नियमित तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण दिया जाए. इससे न केवल कृषि की विविधता बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नया बल मिलेगा। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी, सहायक अभियंता (खरकई डिवीजन) समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

