
उदित वाणी, चांडिल : कभी अपने मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के लिए पहचाना जाने वाला चांडिल इन दिनों बदहाल व्यवस्था के कारण अपनी चमक खोता नजर आ रहा है. मुख्य सड़कों पर नालियों का गंदा पानी बहने से जहां शहर की खूबसूरती पर ग्रहण लग रहा है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है. चांडिल बस स्टैंड के आसपास दिनभर नाली का दूषित पानी सड़क पर बहता रहता है. इससे सड़क पर कीचड़ और गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है. स्थानीय सैलून संचालक संजय प्रामाणिक ने बताया कि सड़क पर बहते गंदे पानी के कारण कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं, वहीं दुकानदारों की दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है.
इसी तरह चांडिल बाजार से करीब एक किलोमीटर दूर चांडिल गोलचक्कर जाने के क्रम में मुख्य सड़क पर आनंद होटल के समीप घरों का पानी सीधे सड़क पर आने से सड़क जर्जर हो गई है. इसके कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यदि सड़क किनारे पक्की नाली का निर्माण कर दिया जाए तो घरों का पानी सड़क पर नहीं आएगा और इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है. हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से सांसद, विधायक और कई अधिकारी प्रतिदिन गुजरते हैं, लेकिन अब तक इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया, जिससे लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

