
उदित वाणी, सरायकेला : नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 के स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए एन.आर. उच्च विद्यालय में मतदान दल का तृतीय चरण प्रशिक्षण संपन्न हुआ. आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के पीठासीन पदाधिकारी व प्रथम से चतुर्थ मतदान पदाधिकारियों ने भाग लिया.
प्रशिक्षण में प्रत्येक दल को अलग-अलग बुलाकर मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई. मतदान पेटी संचालन, सीलिंग, प्रपत्र संधारण व अभिलेखीकरण का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया. डमी प्रपत्र भरने का मार्गदर्शन दिया. प्रथम-द्वितीय चरण की शंकाओं का समाधान किया तथा मतदान पूर्व, दौरान व पश्चात सावधानियों पर जोर दिया.
सामान्य प्रेक्षक (आदित्यपुर) व अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया. मतदान कर्मियों से बिंदुवार जानकारी ली. व्यवस्था पर संतोष जताते हुए निर्देश दिए कि निर्वाचन बिंदुओं की गहन समझ विकसित करें, शंकाओं का तुरंत समाधान करें तथा तत्परता, निष्पक्षता व ईमानदारी से कार्य करें.

