
उदित वाणी, रांची : राजकीय श्रावणी महोत्सव के दौरान रेलवे ने रांची से दो श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों की परिचालन की स्वीकृति प्रदान की है. दोनों ट्रेनें रांची से खुलेंगी और बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर तक जाएगी. पहली ट्रेन का परिचालन मुरी, बोकारो होते हुए तथा दूसरी ट्रेन हजारीबाग, कोडरमा होते हुए जायेगी. ट्रेनों के परिचालन से संबंधित सूचना दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा जारी भी कर दी गई है. स्पेशल ट्रेनों का परिचालन 10 जुलाई से 13 अगस्त तक होगा.
रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की संवेदनशीलता और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अपने कार्यों के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है. संजय सेठ ने बताया कि मैंने दो दिन पहले ही रांची से श्रावण स्पेशल ट्रेन का अनुरोध रखा था और अब इसकी स्वीकृत मिल गई. रांची लोकसभा क्षेत्र समेत झारखंड के कई जिलों से बाबा बैद्यनाथ की पूजा और जलार्पण के लिए देवघर और सुल्तानगंज जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अब और सुगम हो सकेगी.

