
उदितवाणी, रांची : रांची महिला थाना में पलामू की एक युवती ने सिमडेगा वायरलेस कार्यालय में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर रमेश भारती पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इंस्टाग्राम से हुई पहचान, प्यार में बदला रिश्ता
युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी रमेश भारती से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. यह जान-पहचान धीरे-धीरे गहराती गई और प्रेम संबंधों में बदल गई. सब-इंस्पेक्टर ने युवती से शादी का वादा किया और इसी भरोसे में शारीरिक संबंध भी बनाए.
शादी से मुकरा तो पहुंची महिला थाना
आरोप है कि जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो आरोपी मुकर गया और दूरियां बना लीं. इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर रही युवती ने महिला थाना का रुख किया और आरोपी के खिलाफ न्याय की गुहार लगाई.
प्राथमिकी दर्ज, महिला अफसर को मिली जांच की जिम्मेदारी
महिला थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है. जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर निर्मला महतो को सौंपी गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में यदि आरोप की पुष्टि होती है तो आरोपी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई तय है.
सुरक्षा को लेकर चिंतित है पीड़िता
युवती ने पुलिस को बताया कि उसे आरोपी से धमकी मिलने का डर है. ऐसे में उसने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है. पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से ले रही है और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठा रही है.

