
उदित वाणी, रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर बने ‘पर्ल आर्किड’ नामक अपार्टमेंट में शुक्रवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई. आग इमारत के 11वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी, देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर लगभग आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया. फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है.
घटना की खबर मिलते ही अरगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ अपार्टमेंट के लोगों की सुरक्षित निकासी में मदद कर रही है. फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं और धुआं पूरे इलाके में फैल गया था. प्रशासन ने आसपास के लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है.

