
उदित वाणी, रांची : जामताड़ा जिले में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर सख्त कदम उठाया है. एसपी ने जामताड़ा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के अलावा मिहिजाम थाना के एएसआई अजय कुमार समेत कुल पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर कड़ा संदेश दिया है.
24 दिसंबर की शाम जामताड़ा के बालाजी ज्वेलर्स में चार नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर लाखों की डकैती की थी. इस दौरान दुकान मालिक अमन बर्मन को गोली मारकर अपराधी फरार हो गए. वहीं एसपी ने 25 और 26 दिसंबर की रात मिहिजाम थाना क्षेत्र में शिर्डी ज्वेलरी दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना पर भी सख्त रुख अपनाया.
रात्रि गश्ती में लापरवाही और असामाजिक तत्वों पर निगरानी नहीं रखने के आरोप में मिहिजाम थाना के एएसआई अजय कुमार, आरक्षी परमेश्वर मंडल व मनबोध कुमार सिंह तथा टाइगर मोबाइल टीम के आरक्षी निशांत चक्रवर्ती और प्रदीप दास को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर किया गया है.
एसपी ने स्पष्ट किया कि गश्ती में लापरवाही सीधे जनता की सुरक्षा से जुड़ा बिषय है. एसपी राजकुमार मेहता ने कहा कि थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही थी. ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई आवश्यक हो गई थी, ताकि अनुशासन और जबाबदेही सुनिश्चित हो सके.
