
उदित वाणी, रांची : झारखंड की राजधानी रांची में 17 जनवरी 2026 (शनिवार) को अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की एक दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन होगा. झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में यह बैठक हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन के बहुउद्देशीय सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी.
प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं महामंत्री विनोद कुमार जैन ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि लगभग 40 वर्षों बाद रांची को यह राष्ट्रीय मेजबानी का सौभाग्य मिल रहा है. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका, राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता सहित पश्चिम बंगाल, बिहार, दिल्ली, असम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश आदि राज्यों से प्रतिनिधि भाग लेंगे.
बैठक में समाज से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, सामाजिक एकता, शिक्षा, सेवा एवं विकास पर विचार-विमर्श होगा. भावी नीतियों का निर्धारण भी किया जाएगा. प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि यह आयोजन मारवाड़ी समाज के लिए गौरव का विषय है, जो नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा.
उन्होंने समाज के सभी प्रबुद्धजनों से आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.

