
उदित वाणी, रांची : रांची नगर निगम में महापौर के बाद उपमहापौर के पद पर भी भाजपा ने कब्जा किया. निगम के वार्ड 31 के भाजपा समर्थित पार्षद नीरज कुमार को उपमहापौर के रूप में चुना गया. नीरज कुमार को कुल 38 पार्षदों का समर्थन मिला. जबकि उनके प्रतिद्वंदी महागठबंधन के उम्मीदवार वार्ड 44 के पार्षद परमजीत सिंह को मात्र 15 वोट मिले और उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
इसके साथ ही गुरूवार को रांची नगर निगम के महापौर रौशनी खलखो व नवनिर्वाचित उपमहापौर नीरज कुमार समेत सभी 53 पार्षदों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली. रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने उन्हें शपथ दिलायी. शपथ लेने के तत्काल बाद रौशनी खलखों व नीरज कुमार ने नगर निगम स्थित अपने-अपने कार्यालयों में पदभार संभाल लिया. गौरतलब है कि तीन साल बाद महापौर-उपमहापौर का कार्यालय गुरूवार को खुला.

