
उदित वाणी, रांची : झारखंड से कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी, एसआईआर जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे हैं, जनता भी इन सवालों के जवाब जानना चाहती है. हम तो चाहते हैं कि देश में पूरी तरह से निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं.
कांग्रेस नेता का यह बयान उस वक्त आया है जब लोकसभा में राहुल गांधी ने अपने संबोधन में तीन सवाल पूछे. उनमें पहला सवाल उन्होंने चुनाव आयुक्त से जुड़ा पूछा. उन्होंने पूछा क्यों सीजेआई को चुनाव आयुक्त के चयन से अलग किया गया है? दूसरा सवाल उन्होंने पूछा कि दिसंबर 2023 में सरकार ने कानून बदला, जिसके तहत चुनाव आयुक्तों को इम्युनिटी दी गई. सीसीटीवी को लेकर कानून क्यों बदले गए. तीसरा सवाल उन्होंने पूछा कि ऐसा कानून क्यों बनाया गया, जिसके तहत चुनाव आयोग 45 दिनों के बाद फुटेज को नष्ट कर दे.
राहुल के इन सवालों को लेकर कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि सीधा सवाल यह है कि अगर वोटिंग प्रक्रिया की सीसीटीवी से वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है, तो रिकॉर्डिंग डिलीट कराने की बात क्यों आई? मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में फेरबदल क्यों किया गया? हम तो यही चाहते हैं कि देश में पूरी तरह निष्पक्ष चुनाव हों. हाल में जो गड़बड़ियां हुई हैं, उनका सुधार होना चाहिए. सरकार को भी इसका संज्ञान लेना चाहिए और चुनाव आयोग के दुरुपयोग को रोका जाना चाहिए.
वंदे मातरम मुद्दे पर राजेश ठाकुर ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा वाले इस तरह के मुद्दे तैयार करके रखते हैं.
कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने वंदे मातरम गाने का काम कब किया? जब इंडिगो की फ्लाइट्स कैंसिल हो रही है, तब वंदे मातरम की याद आ रही है. उन्होंने कहा कि यह बस ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है.
सवाल यह भी है कि संघ के लोग पहले वंदे मातरम क्यों नहीं गाते थे? इस पर भी चर्चा होनी चाहिए. पंडित नेहरू ने देश की जम्हूरियत को मजबूत किया. उनके कारण ही एक चाय वाला भी देश का प्रधानमंत्री बन सका. नेहरू और कांग्रेस को कोसकर भाजपा अपना डर और भय छिपाना चाहती है. समय आने पर जनता इसका पूरा जवाब देगी.
(आईएएनएस)

