
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका थाना क्षेत्र के सरमंदा गांव स्थित पत्थर खदान में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई. खनन कार्य के दौरान एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे शुभोजित गोप (30) और टुकलू सरदार (28) की मौके पर ही जान चली गई. दोनों मृतक सरमंदा गांव के ही निवासी थे.
जानकारी के अनुसार, मौजा सरमंदा में सुजित कुमार मंडल के नाम से करीब तीन एकड़ भूमि पर पत्थर खनन का लीज है. बुधवार की सुबह मजदूर रोज की तरह खदान में पत्थर निकालने और हाईवा में लोड करने का काम कर रहे थे. खनन कार्य समाप्त होने के बाद जब हाईवा बोल्डर लेकर जा रही थी, तभी वाहन के ब्रेक फेल हो गए. इससे हाईवा अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़क गया. इसी दौरान केबिन में बैठे शुभोजित और डाले पर मौजूद टुकलू ने कूदने की कोशिश की, लेकिन वाहन पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए.
हादसे के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. मजदूरों ने तुरंत पोटका थाना को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से शवों को बाहर निकाला. शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया गया. पुलिस ने खदान मालिक और वाहन चालक से पूछताछ शुरू कर दी है.
स्थानीय ग्रामीणों ने खदान में सुरक्षा की भारी कमी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मजदूरों को बिना सेफ्टी उपकरणों के खतरनाक परिस्थितियों में काम करना पड़ता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से खदान की सुरक्षा जांच कराने और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
