
उदित वाणी, पोटका : पोटका विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को प्रखंड के मंगलासाई स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्रों से पठन-पाठन, आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली तथा शिक्षा से जुड़े सवाल-जवाब किए. छात्रों के जवाबों से असंतुष्ट विधायक ने शिक्षकों को पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने का सख्त निर्देश दिया.
उपस्थिति में खामियां, 20 छात्र अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका जांचने पर कक्षा 6 से 8 तक 124 पंजीकृत छात्रों में से 104 ही उपस्थित मिले, जबकि 20 अनुपस्थित थे. विधायक ने प्रबंधन से जवाब मांगा और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि आवासीय विद्यालयों में अनुशासन और उपस्थिति जरूरी है.
ग्रामीण छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य
निरीक्षण के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सरकार ग्रामीण छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के लिए एकलव्य विद्यालय चला रही है. उन्होंने शिक्षकों को पढ़ाई के स्तर और सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का निर्देश दिया. शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा, सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी.
स्टाफ व सफाई कर्मी की कमी पर आश्वासन
प्राचार्य दुलार चन्द्र साव ने स्टाफ, सफाई कर्मचारियों की कमी तथा क्षेत्रीय प्रदूषण की शिकायत की. विधायक ने जिला प्रशासन को सूचित करने और शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया.

