
उदित वाणी, पोटका : सोमवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने 2 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से चार विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. सबसे पहले हेंसलबिल पंचायत के गंगानारायण सिंह चौक, खड़ियासाईं से हेसागोड़ा तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 97 लाख रुपए से 1.6 किमी लंबी पक्की सड़क का शिलान्यास किया गया, जो क्षेत्रवासियों की लंबे समय की मांग पूरी करेगी.
ग्वालकांटा व सानग्राम पंचायत के छोटा आमदा में 55-55 लाख रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण कार्य भी शुरू हुआ. हाता-हल्दीपोखर में 30 करोड़ रुपए से नए फीडर की स्थापना मुख्यमंत्री उज्जवल झारखंड योजना के तहत बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगी.
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका में विकास को गति दी जाएगी तथा सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं हर गांव तक पहुंचेंगी. कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, बबलू चौधरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य चन्द्रावती महतो, हीरामोनी मुर्मू, हितेश भगत, भुबनेश्वर सरदार, दिलीप सोरेन आदि उपस्थित रहे.

