
उदित वाणी, पोटका : पोटका के विधायक Sanjeev Sardar ने रविवार को प्रखंड के तेतला गांव में कुल 4 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का विधिवत पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर शिलान्यास किया.
इन योजनाओं में आदिवासी कल्याण विभाग की योजना मद से बनने वाला गितिगोडा भवन (लागत 3.05 करोड़ रुपये) तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पावरु चौक से चारडीहा तक 1.240 किलोमीटर सड़क निर्माण (लागत 1.10 करोड़ रुपये) शामिल है.
ग्रामीणों की मांग पर बनेगा गितिगोडा भवन
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए तेतला में गितिगोडा भवन का निर्माण कराया जा रहा है. भवन बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी.
सड़क से दो प्रखंडों को मिलेगा लाभ
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली पावरु चौक से चारडीहा तक सड़क पोटका और राजनगर प्रखंड को जोड़ने का काम करेगी. इस सड़क के निर्माण से दोनों प्रखंडों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.

योजनाओं की गुणवत्ता पर रखें नजर
विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि विकास योजनाओं की गुणवत्ता की निगरानी स्वयं करें. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर ग्रामीण सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं. सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में भी क्षेत्र में कई योजनाएं शुरू की जाएंगी.
इस अवसर पर मुखिया अमृत माझी, ग्राम प्रधान शत्रुघ्न सरदार, श्यामचरण सरदार, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, झामुमो नेता सुनील महतो, सुधीर सोरेन, हितेश भगत, चक्रधर महतो, अनुपम मंडल, बिरेन पात्र, असित सरदार, अनिल सरदार, लाल सरदार, प्रोरंजन सरदार, नरसिंह सरदार, विश्वनाथ सरदार, नरपति सरदार, शरत सरदार और परसुराम सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

