
उदित वाणी, पोटका : कोवाली थाना अंतर्गत हाता-हल्दी पोखर मुख्य पथ पर पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला ने आज प्रातः साढ़े पांच बजे औचक जांच के दौरान बिना चालान के अवैध बालू परिवहन करते एक हाईवा गाड़ी को जप्त कर लिया. गाड़ी संख्या JH05AD6872 में लगभग 500 सीएफटी बालू लोड था, लेकिन कोई वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे.
सीओ निकिता बाला ने तत्काल कोवाली पुलिस को सूचित कर गाड़ी थाना ले जाने का निर्देश दिया. मौके पर अंचल निरीक्षक शांति राम सारंगी और राजस्व कर्मचारी संजय महतो भी उपस्थित रहे. इस कार्रवाई से बालू माफिया में हड़कंप मच गया.
बालू तस्करी पर प्रशासन का शिकंजा
विदित हो कि पोटका-कोवाली क्षेत्र में बालू माफिया द्वारा लगातार अवैध खनन और तस्करी की जा रही है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना चालान के परिवहन पर सख्ती बरती जाएगी. सीओ निकिता बाला ने कहा, “अवैध बालू कारोबार को रोकने के लिए निरंतर निगरानी जारी रहेगी. कोई भी उल्लंघन बख्शा नहीं जाएगा.”
यह कार्रवाई स्थानीय निवासियों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने वाली है, जो लंबे समय से बालू तस्करी से परेशान हैं. आगे ऐसी और सख्ती की उम्मीद है.

