
उदित वाणी, जमशेदपुर: पोटका के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में महत्वपूर्ण पहल की है. सोमवार को उन्होंने शून्यकाल के दौAरान सीएचसी पोटका और डुमरिया प्रखंड अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया.
विधायक ने कहा कि इन अस्पतालों में स्त्री रोग, शिशु रोग, हड्डी रोग और शल्य चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गंभीर स्थिति में मरीजों को इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का दबाव बढ़ जाता है.
उन्होंने सरकार से मांग की कि पोटका और डुमरिया के अस्पतालों में जल्द से जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को अपने ही इलाके में बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
विधायक द्वारा इस जनहित से जुड़े मुद्दे को विधानसभा में उठाए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है.

