
उदित वाणी, पोटका : पोटका प्रखंड में राशन वितरण व्यवस्था चरमरा गई है. दुकानदार सरकारी नियमों का पालन नहीं कर रहे. कार्डधारियों से तीन माह का पंचिंग लेकर दुकानदार फरार हो गए. एमओ से शिकायत की गई है.
गवाल काटा मामला
पोटका प्रखंड के गवाल काटा पंचायत के जन वितरण प्रणाली दुकानदार मिकी हांसदा ने विगत तीन माह का चावल नहीं दिया. नवंबर, दिसंबर, जनवरी का राशन नाम पर ई-पॉस मशीन में पंचिंग करा ली. 4 फरवरी को निर्धारित राशन वितरण के दिन दुकान बंद मिली. दुकानदार का फोन नहीं उठा.
लाभुकों का आक्रोश
लाभुक राम सोरेन, मिर्जा मारडी, लोचन पुराण, राम साईं सोरेन, भावेश देव, सुलोचना पात्रो, सुभाष चंद्र धल ने झामुमों प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन को सूचना दी. यह राशन स्टोर फुटकोचा, मोहनाडीह, तिरिलघुटु, साशोनघुटू, पांडूवाकोचा, धातडीगोड़ा, साहरघुटु, गोड़ग्राम, बलीयागोडा के ग्रामीणों को राशन देता है.
कार्रवाई की मांग
प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, सचिव भुवनेश्वर सरदार ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सूचना दी. झामुमों पोटका प्रखंड कमेटि ने सीओ सह एमओ से पीडीएस दुकानदार पर कानूनी कार्रवाई और शुक्रवार तक तीन माह का राशन देने की मांग की.
अधिकारी का बयान
पोटका प्रखंड के अंचल सह आपूर्ति पदाधिकारी निकिता बाला ने कहा कि कार्डधारियों से पंचिंग कराकर राशन न देना गलत है. दुकानदार पर कार्रवाई होगी तथा कार्डधारियों को खाद्यान्न मिलेगा.

