
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र के पालीडीह गांव में सोमवार सुबह करीब 7 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. ओडिशा से सब्जी लेकर जमशेदपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर शिक्षक धानु माझी के मकान में जा घुसी. इस हादसे में मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. हालांकि, गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर थे, जिससे किसी की जान नहीं गई.
घटना के संबंध में पीड़ित धानु माझी ने बताया कि पिकअप वैन ओडिशा से सब्जी लादकर आ रही थी. पालीडीह गांव में सड़क काफी संकरी है, लेकिन इसके बावजूद चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था. जैसे ही वह उनके मकान के सामने पहुंचा, सामने से एक वाहन को पास देने के प्रयास में वैन अनियंत्रित हो गई और सीधे मकान से जा टकराई.
हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे. मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो चुका था और मलबे में वैन का अगला हिस्सा फंसा हुआ था. धानु माझी ने बताया कि अगर वह उस समय बाहर बैठे होते, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत हेतु उचित मुआवजे की मांग की है.
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं और क्या वाहन ओवरलोड था. गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर नाराज हैं.

