
उदित वाणी, पोटका : पोटका प्रखंड के कवाली थाना क्षेत्र के मुकुंदोसाई गांव में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. लगातार बारिश के कारण मिट्टी का कच्चा घर अचानक धंस गया, जिसमें सो रही मां-बेटी मलबे में दब गईं. हादसे में छह वर्षीय बच्ची बिमला सरदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां पूजा सरदार गंभीर रूप से घायल हो गईं.
आधी रात को टूटा कहर
घटना उस वक्त हुई जब बबलू सरदार अपनी पत्नी और छह बच्चों के साथ घर में सो रहा था. रातभर बारिश होती रही. अर्धरात्रि के बाद अचानक घर का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. मलबे में मां पूजा और बेटी बिमला दब गईं. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अन्य परिजनों को बाहर निकालने में मदद की. लेकिन तब तक मासूम बिमला की सांसें थम चुकी थीं.
थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा, घायल मां अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही कवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायल पूजा सरदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया. प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
जनप्रतिनिधियों ने लिया जायजा
हादसे की खबर मिलते ही पोटका के विधायक संजीव सरदार और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरुण कुमार मुंडा भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और प्रशासन को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए.

