
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका थाना में तैनात महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की हत्या के मामले में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू का नाम सामने आने के बाद जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं. उनकी जगह एसआई सन्नी टोप्पो को पोटका थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.
यह कार्रवाई ज्योतिका के प्रेमी गणेश मांझी द्वारा आत्महत्या से पहले बनाए गए वायरल वीडियो के बाद की गई है. वीडियो में गणेश मांझी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि 14 दिसंबर को उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका ज्योतिका हेंब्रम का पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के साथ अवैध संबंध है. इसी कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी जलन में उसने ज्योतिका की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद गणेश ने भी आत्महत्या कर ली.
वीडियो में गणेश मांझी ने यह भी कहा था कि उसकी मौत के बाद उसके घर-परिवार और भाई को किसी तरह की परेशानी न हो. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई. पुलिस महकमे में भी इस वीडियो को लेकर हलचल मच गई.
हालांकि, पोटका थाना प्रभारी रहे मनोज कुमार मुर्मू ने वीडियो में लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा बताया है. उनका कहना है कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है. बावजूद इसके, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी ने उन्हें हटाने का फैसला लिया.
इधर, इस दोहरे मौत के मामले में दोनों मृतकों के परिजनों ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. एसएसपी की त्वरित कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होगी और सच्चाई सामने आएगी.

