
उदित वाणी, पोटका : पोटका प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय चाकड़ी की 12वीं कक्षा की छात्रा बासंती सरदार, पिता नूरस्तम सरदार, ग्राम चाकड़ी, थाना कोवाली, ने रांची के खेलगांव में आयोजित खेलो झारखंड राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में शॉट फुट स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है.
दूरभाष पर बातचीत के दौरान बासंती सरदार ने अपनी इस सफलता का श्रेय विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती जोबा सोरेन को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी. उन्होंने यह भी बताया कि आगे की प्रतियोगिताओं को लेकर विभागीय स्तर पर अभी तक किसी तरह की सूचना नहीं प्राप्त हुई है.
बासंती की इस सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं पंचायत के मुखिया ने बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

