
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार द्वारा झारखंड पुलिस के 64 इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारियों को डीएसपी के पद पर प्रोन्नति दे दी गई. इसकी प्रतीक्षा लंबे समय से चल रही थी. गृह विभाग द्वारा 25 जून की तिथि से प्रोन्नति संबंधी अधिसूचना जारी की गई है. वहीं अधिसूचना में कहा गया कि डीएसपी रैंक में प्रोन्नति पानेवाले जिन इंस्पेक्टरों की वरीयता सूची पर सवाल उठाया गया है और उससे संबंधित झारखंड हाईकोर्ट में याचिका लंबित है. वैसे इंस्पेक्टरों की प्रोन्नति अदालत के अंतिम आदेश से प्रभावित होगी. परंतु फिलवक्त सभी को प्रोन्नति दे दी गई है. अधिसूचना में यह भी कहा गया कि सभी नवप्रोन्नत डीएसपी को उनके पद पर योगदान की तिथि से उन्हें आर्थिक लाभ व अन्य सुविधाएं देय होगी.
गौरतलब है कि राज्य में पहले 37 रिक्त पदों पर ही इंस्पेक्टर से डीएसपी में प्रोन्नति की प्रक्रिया चल रही थी. इसकी वजह यह थी कि प्रोन्नति से भरे जाने वाले डीएसपी के 167 पद ही स्वीकृत थे. परंतु राज्य सरकार ने स्वीकृत पद को 167 से बढ़ाकर 194 कर दिया है और अब रिक्त पदों की संख्या 64 हो गई है. जिन 64 रिक्त पदों पर पुलिस इंस्पेक्टरों को प्रोन्नति दी गई है. उनमें 61 पद अनारक्षित श्रेणी, एक अनुसूचित जनजाति व दो अनुसूचित जाति के पद शामिल किए गए हैं. इंस्पेक्टर से डीएसपी रैंक में प्रोन्नति पानेवालों की सूची में कोल्हान से जमशेदपुर के संजय कुमार-2, रामबाबू मंडल, विनय प्रसाद मंडल व मनोज कुमार, चाईबासा के राजीव रंजन-2 व तरुण कुमार तथा सरायकेला-खंरसवां के अजय कुमार समेत अन्य इंस्पेक्टर शामिल हैं.
