
उदित वाणी, पटमदा : राज्यसभा सचिवालय के अधिकारी उज्ज्वल कुमार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का निजी सचिव (पीएस) नियुक्त किया गया है. इस संबंध में कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमिटी (एसीसी) ने बुधवार को अधिसूचना जारी की.
यह नियुक्ति आईआरटीएस अधिकारी सुशील गायकवाड़ के प्रतिनियुक्ति काल की समाप्ति के बाद की गई है. उज्ज्वल कुमार अब उनके स्थान पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे. वर्ष 2005 बैच के (विधायी, वित्तीय, कार्यकारी और प्रशासनिक सेवा) अधिकारी उज्ज्वल कुमार को रक्षा मंत्रालय में उत्तरदायित्व सौंपा गया है. उनका कार्यकाल डिप्टी सेक्रेटरी स्तर पर 9 अक्टूबर 2028 तक या अगले आदेश तक रहेगा.
पूर्व में जमशेदपुर के उपायुक्त रह चुके आईएएस अधिकारी अमित कुमार वर्तमान में जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव के निजी सचिव के रूप में कार्यरत हैं. इस प्रकार, पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड स्थित बांगुड़दा आदर्श ग्राम निवासी उज्ज्वल कुमार झारखंड के दूसरे ऐसे अधिकारी बने हैं जिन्हें केंद्र सरकार में किसी मंत्री के निजी सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है.
स्थानीय लोगों ने उज्ज्वल कुमार की इस नियुक्ति पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है.

