
उदित वाणी, पटमदा : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब ठनठनी घाटी में एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा करीब शाम 5:30 बजे हुआ.
ट्रैक्टर का सामान लेकर लौट रहा था युवक
लोवाडीह गांव निवासी भगत गोराई नामक युवक जमशेदपुर से ट्रैक्टर का सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान, विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित पिकअप वैन ने ठनठनी घाटी में उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी.
पैर की हड्डी टूटी, हालत चिंताजनक
भाई वनमाली गोराई के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भगत गोराई के दाएं पैर की हड्डी टूट गई और वह घटनास्थल पर गंभीर अवस्था में पड़ा रहा. सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया.
चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन समेत तेजी से जमशेदपुर की ओर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

