
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा में इस वर्ष पर्याप्त मात्रा में हुई बारिश के कारण धान की अच्छी पैदावार की उम्मीद से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं. मौसम का मिजाज बदलते देख किसानों ने इस साल धान कटाई और झड़ाई साथ साथ कर रहे हैं और लगभग दो सप्ताह के अंदर सभी धान कटनी का कार्य पूरा होने की संभावना है. मालूम हो कि पटमदा प्रखंड के अधिकतर लोग कृषि पर ही निर्भर है. खेती के आमदनी से ही यहां के किसान जीवन यापन करते हैं.
पटमदा प्रखंड में इस साल 14 हजार हेक्टेयर धान की खेती करने का लक्ष्य था लेकिन करीब 12 हजार हेक्टेयर में ही खेती की गई है. अब तक सरकार की ओर से खरीदारी हेतु क्रय केंद्र नहीं खोलने से किसानों को उसकी बिक्री की चिंता सता रही है. कुछ किसानों ने तो बंगाल के व्यापारियों को बेचना भी शुरू कर दिया है. इस संबंध में जोड़सा गांव के किसान श्यामपद सिंह, कुटील कुंभकार व उमाशंकर कुंभकार ने कहा कि जल्द से जल्द लैंपस में खरीदारी शुरू हो ताकि उन्हें उचित दाम मिल सके.

