
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला के सभागार में सोमवार को कॉलेज की महिला सेल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई.
इस अवसर पर कॉलेज की उन प्रतिभावान छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने ग्रामीण सुरक्षा बल (चौकीदार) के पद पर चयनित होकर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. सम्मानित छात्राओं में परी सिंह, तपति महतो, देबजानी महतो और सुरेश हांसदा शामिल हैं. सभी को अंग वस्त्र एवं कॉलेज की ओर से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
मौके पर व्याख्याता विश्वनाथ महतो ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सशक्त हो रही हैं, जिसके कारण समाज में पुरुष और महिलाओं के बीच जो भेदभाव की सोच थी, उसमें धीरे-धीरे कमी आ रही है. उन्होंने कहा कि आज देश के संवैधानिक सर्वोच्च पद पर भी एक महिला आसीन हैं, जो महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्तीकरण का प्रतीक है.
उन्होंने यह भी कहा कि केवल 8 मार्च को ही महिला दिवस मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हर दिन महिलाओं का सम्मान होना चाहिए और इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए. कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की प्राध्यापिका माधुरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अभिराम महतो ने किया.
इस मौके पर डॉ. गीता चक्रवर्ती, शाश्वती महतो, संगीता महतो, सुभद्रा महतो, धरित्री मुर्मू, डॉ. कमल कुमार महतो, डॉ. शालीग्राम मिश्रा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

