
उदित वाणी, जमशेदपुर: पटमदा प्रखंड कांग्रेस कमेटी और मंडल कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान के तहत क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी गई है. इसी क्रम में प्रखंड की आठ पंचायतों में अभियान चलाकर विभिन्न बूथों के लिए बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) सदस्यों का चयन किया गया.
आठ पंचायतों में चला संगठन मजबूत करने का अभियान
इस अभियान के दौरान प्रखंड पर्यवेक्षक खगेनचन्द्र महतो, प्रखंड अध्यक्ष शिशुलाल महतो और मंडल अध्यक्ष डोमन महतो के नेतृत्व में पंचायत स्तर पर बैठकों का आयोजन किया गया. बैठकों में कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श कर कुल 34 बूथों के लिए बीएलए-2 सदस्यों का चयन किया गया.
जिलाध्यक्ष को सौंपे गए नामांकन प्रपत्र
चयनित सदस्यों के नामांकन से संबंधित सभी प्रपत्र तैयार कर प्रखंड पर्यवेक्षक खगेनचन्द्र महतो ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह को सौंप दिए. जिलाध्यक्ष ने इन प्रपत्रों को आगे की कार्रवाई के लिए जिला चुनाव विभाग को भेज दिया है.
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की पहल
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके जरिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे आगामी चुनावों में संगठन और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सके.

