
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर पंचायत के डांगरडीह गांव में गुरुवार शाम इलाज के अभाव में एक बीमार महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान 54 वर्षीय वेदनी वाला कुम्हार के रूप में हुई है.
ग्रामीण तपन कुंभकार ने बताया कि महिला स्कूल मैदान में दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के कार्यक्रम में शामिल हुई थीं. शाम करीब 5 बजे अचानक सांस लेने में तकलीफ होने पर वे घर लौट आईं. परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया, लेकिन तय समय पर वाहन नहीं पहुंचा. लगभग 3 घंटे बाद एंबुलेंस गांव पहुंची, तब तक महिला ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने एंबुलेंस को वापस लौटा दिया.
ग्रामीणों ने बताया कि बोड़ाम प्रखंड में एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना कठिन हो जाता है. उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की कड़ी आलोचना करते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और प्रखंड में स्थायी एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है.

